क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और उनकी पत्नी धनश्री वर्मा के बीच तलाक हो गया है। बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेश पर फैमिली कोर्ट ने गुरुवार को फैसला सुनाया।
युजवेंद्र और धनश्री मुंबई के फैमिली कोर्ट में मौजूद रहे। युजवेंद्र के वकील नितिन गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने बुधवार को चहल की याचिका पर फैमिली कोर्ट को 20 मार्च को फैसला सुनाने के आदेश दिया था। जस्टिस माधव जामदार की सिंगल बेंच ने कहा कि चहल 21 मार्च से उपलब्ध नहीं होंगे, क्योंकि उन्हें आईपीएल में हिस्सा लेना है।
बार एंड बेंच वेबसाइट के मुताबिक, 'बॉम्बे हाईकोर्ट ने इस केस में 6 महीने का कूलिंग ऑफ पीरियड भी माफ कर दिया था।' पिछले ढाई साल से दोनों अलग-अलग रह रहे हैं। दोनों के बीच 4.75 करोड़ में सेटलमेंट की खबर है।
युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा की शादी 22 दिसंबर 2020 में हुई थी। युजवेंद्र चहल ने फैमिली कोर्ट में याचिका दायर की थी कि उन्होंने धनश्री को सेटलमेंट की आधी रकम दे दी है। इसलिए उनके 6 महीने का कूलिंग ऑफ पीरियड माफ कर दिया जाए। जिसे हाईकोर्ट ने मान लिया।
कूलिंग पीरियड यानी तलाक की याचिका के बाद पति-पत्नी को 6 महीने तक कुछ समय साथ रहने का आदेश दिया जाता है। जिसमें दोनों पक्षों को तलाक पर फिर सोचने का समय दिया जाता है। चहल की एक्स वाइफ धनश्री वर्मा कोरियोग्राफर और बेहतरीन डांसर हैं। वे बेहद ग्लैमरस भी हैं। धनश्री अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी वीडियो और फोटोज शेयर करती रहती हैं। वे टीवी के चर्चित डांस शो झलक दिखला जा में भी दिख चुकी हैं। धनश्री वर्मा ने झलक दिखला जा-11 के एक एपिसोड के दौरान युजवेंद्र चहल के साथ अपनी लव स्टोरी के बारे में खुलासा किया था। उन्होंने बताया कि कैसे चहल ने लॉकडाउन के दौरान उनसे डांस सीखने के लिए संपर्क किया था। इसके बाद धनश्री उन्हें डांस सिखाने के लिए राजी हो गईं। बाद में दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया। साल 2023 में युजवेंद्र चहल ने अपने सोशल मीडिया पर एक स्टोरी शेयर की थी, जिसमें लिखा था, नई जिंदगी आ रही है। इसके बाद एक्ट्रेस धनश्री ने अपने इंस्टाग्राम में यूजर नेम से सरनेम चहल हटा दिया था। इसके बाद उनके तलाक की अफवाहें तेज हो गई थीं। हालांकि, बाद में क्रिकेटर ने तलाक की खबरों को अफवाह करार दिया। युजवेंद्र चहल अभी टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। वह टी-20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने वाली टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। जनवरी 2023 में उन्होंने भारत के लिए आखिरी वनडे, जबकि अगस्त 2023 में आखिरी टी-20 खेला था। इसके बाद भी आईपीएल 2025 की नीलामी में पंजाब किंग्स ने उन्हें 18 करोड़ में खरीदा।
0 टिप्पणियाँ